देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय तहसील परिसर में पुलिस चौकी के बगल में बनी शौचालय की टंकी का ढक्कन टूट जाने से हादसे का खतरा बना हुआ है। तहसील परिसर में प्रतिदिन आने-जाने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के लिए यह खुली टंकी परेशानी का कारण बनी हुई है। टंकी का ढक्कन टूटने के कारण खुले हिस्से से दुर्गंध निकल रही है, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे हुए ढक्कन को ठीक नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। वादकारियों एवं अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शौचालय की टंकी के टूटे ढक्कन को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
