कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेंटल हेल्थ एंड वेल बीइंग कमेटी ने ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से चिकित्सालय सभागार में यह कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य द्वारा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा अवसाद, तनाव व एंग्जायटी जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।इसके बाद डॉ. अमित कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष मानसिक रोग विभाग ने आत्महत्या रोकथाम पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव, अवसाद और चिंता जैसी परेशानियों को समय रहते पहचानना तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है। उन्होंने सभी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जरूरतमंद व्यक्ति की बात ध्यान से सुनकर सहायता करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बी.के. तपोशी ने राजयोग मेडिटेशन कराया। उन्होंने बताया कि मेडिटेशन से मन को एकाग्र करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और मानसिक शांति पाने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रतिभागियों को ध्यान की सरल विधि समझाई और कुछ समय के लिए मन को शांत रखने का अभ्यास करवाया। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और नियमित मेडिटेशन को मानसिक संतुलन के लिए उपयोगी बताया।कार्यक्रम के दौरान मेडिटेशन, संवाद तथा विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियां और खेल भी कराए गए, जिनमें सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य आपसी संवाद, सकारात्मक सोच और मानसिक प्रसन्नता बढ़ाना था।कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था से समाजी विपिन व डॉ. प्रदीप, डॉ. अनिल सिंह यादव (माइक्रोबायोलॉजी), नर्सिंग स्टाफ, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं तथा सी.बी. सिंह लॉ कॉलेज, पुष्पा खरवार महिला पी.जी. कॉलेज, कश्मीरीया टांडा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद कनौजिया, डॉ. प्रियम खरे, स्टाफ नर्स अनुराग त्रिपाठी और डाटा मैनेजर स्वीटी शर्मा का सहयोग रहा।कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्महत्या रोकथाम के लिए संवेदनशीलता जगाना तथा ध्यान और सकारात्मक सोच के माध्यम से स्वस्थ व संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना था।
