अस्पताल से लापता होने के बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत से खोज निकाला, माता-पिता को सौंपा
देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय से गुरुवार को लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची पीहू यादव को देवगांव कोतवाली पुलिस ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लालगंज बाजार से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया। बेटी के मिलने के बाद माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। देवगांव थाना क्षेत्र के कोटा बाजार निवासी बबलू यादव अपनी पत्नी मनीषा और पांच वर्षीय पुत्री पीहू यादव को लेकर गुरुवार सुबह करीब नौ बजे संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचे थे। चिकित्सक को दिखाने के बाद करीब 11 से 12 बजे के बीच बच्ची अस्पताल परिसर से अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्ची को लालगंज बाजार से सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के पिता बबलू पैर से दिव्यांग हैं, जबकि मां मनीषा की भी तबीयत ठीक नहीं रहती। बेटी के मिलने पर दोनों ने देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह और पुलिस टीम का आभार जताया। बच्ची को सकुशल पाकर स्वजन ने राहत की सांस ली।
