देवल संवाददाता, मऊ। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा युवाओं को विकसित भारत@2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027” का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार,नेतृत्व क्षमता एवं नवाचार को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।जनपद मऊ में भी अब तक 700 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन क्विज में प्रतिभाग किया है। कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में युवाओं का चयन ऑनलाइन क्विज,निबंध, जिला स्तरीय चैंपियनशिप तथा राज्य स्तरीय संवाद के विभिन्न चरणों के माध्यम से किया जाएगा।ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित है। इच्छुक युवा 30 सितंबर 2026 तक MY Bharat पोर्टल के माध्यम से प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित युवाओं को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय संवाद में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
