देवल संवाददाता, मऊ। महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को विकास खण्ड बड़राव में विधवा पेंशन धारकों एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य लाभार्थियों को पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं के समाधान की जानकारी देना रहा।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को पेंशन योजनाओं की पात्रता,आवेदन एवं सत्यापन प्रक्रिया,बैंक खाते से संबंधित आवश्यकताओं तथा पेंशन प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं एवं प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।इस दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपील की कि पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका लाभ उठाएं।चौपाल में महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम से जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय,जेंडर स्पेशलिस्ट तृप्ति राय सहित विकास खण्ड बड़राव के कर्मचारी एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
