पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को खुश होने का मौका दिया। गेंदबाजों के दम पर पाकिस्तान ने मंगलवार को एशियन गेम्स-2026 में महिला क्रिकेट का ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया। इस मेडल के लिए पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रनों से मात दी।
पाकिस्तान की बल्लेबाजों ने बोर्ड पर ज्यादा बड़ा स्कोर टांगा नहीं था। किसी तरह ये टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 145 रन बना पाई थी। बांग्लादेश के लिए ये लक्ष्य हासिल करना भी मुश्किल हो गया है। वह 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान के लिए हानि ने तीन विकेट अपने नाम किए। तस्मिया रुहाब, फातिमा सना, निशरा संधू और आयशा जफर ने एक-एक विकेट लेकर अपनी टीम की जीत पक्की की।
सना की कप्तानी पारी
पाकिस्तानी बल्लेबाजी भी कुछ खास नहीं कर पाई। अगर कप्तान फातिमा सना 30 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 45 रन नहीं बनाती तो इस टीम का 140 के पार जाना बेहद मुश्किल था। सना के अलावा आलिया रियाज ने 22 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सलामी बल्लेबाज गुल फरोज के 31 रनों का भी इसमें अहम योगदान रहा।
बांग्लादेश के लिए नाहिदा अख्तर, शोरना अख्तर और ऋतु मोनी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। संजीदा अख्तर के हिस्से एक विकेट आया।
