देवल संवाददाता, मऊ। सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मगंलवार को नगर पंचायत अदरी में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नेशनल इंटर कालेज अदरी,इंदारा के बच्चों को ईओ अनिल कुमार अपने टीम के साथ नगर पंचायत एमआरएफ पहुंचकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।उन्हें स्वच्छता और कचरा अलग करने के तरीके बताए गए। सफाई कर्मी व बच्चों को गीला कचरा,सूखा कचरा और स्वास्थ्य से जुड़े कचरे के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इन कचरे का कैसे ध्यान रखना है। विद्यार्थियों को 4 बिन प्रणाली और कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग करने का महत्व भी समझाया गया। टीम ने बच्चों को नगर को साफ और सुंदर बनाने में सहयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। इसके बाद बच्चो से स्वच्छता बनाए रखने के लिए घर गांव,नगर के लोगो को साफ सफाई को लेकर जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया और अदरी नगर पंचायत को साफ-सुथरा रखने में मदद करने की अपील की गई। और कहा गया कि वे कचरा सड़क पर इधर-उधर न फेंके। इसके बजाय उसे नगर पंचायत द्वारा लगाए गए डस्टबिन या कूड़ा गाड़ी में डालें।
उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ अदरी, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए नगर को कचरामुक्त और प्लास्टिकमुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों से अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने,प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने तथा गीले और सूखे कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की गई। इस अभियान के दौरान ईओ अनिल कुमार,सरफराज,संजीत यादव, मुन्ना मोदनवाल नगर पंचायत कर्मी आदि मौजूद थे।
