देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के कटोही गांव निवासी शिव प्रकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि कोटे की दुकान के स्थानांतरण से संबंधित शिकायत लेकर वह एसडीएम के पास पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें डांटकर कमरे से बाहर जाने के लिए कह दिया गया।
पीड़ित शिव प्रकाश तिवारी के मुताबिक, कोटे के स्थानांतरण के मामले में उनके पास कमिश्नर, जिलाधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारियों के आदेश भी मौजूद हैं। इसके बावजूद मामले में सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीएम ने उनसे कहा कि “हम तुम्हारा काम नहीं करेंगे।”
शिव प्रकाश तिवारी का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही शिकायतकर्ता की बात नहीं सुनेंगे तो गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने पूरे मामले को लेकर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़ित के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जा सकता है।
