देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। तहसील क्षेत्र के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज कोयलसा में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों ने आकर्षक और संदेशपरक चित्र बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राजभर ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है।
विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री हरीश तिवारी ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों का अनुशासन देखकर मन प्रसन्न हुआ। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रणधीर सिंह ने की। उन्होंने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता में आदर्श विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरीश प्रजापति द्वितीय और विभव जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय सिंह ने किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में जिला अध्यक्ष विनोद राजभर द्वारा पौधे रोपण किया गया।इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव, नीरज तिवारी, रुद्र शर्मा, यशवंत सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, उमामाधवी, गीता सिंह, रीना सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।