कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विकसित भारत-2047 के अंतर्गत संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को टांडा विकासखंड के चयनित विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने चित्रकला तथा कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया।प्रतियोगिताओं में विकसित भारत-2047, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नागरिक दायित्व और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और विचार प्रस्तुत किए। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को उकेरा, जबकि भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे।ये प्रतियोगिताएं लालता प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज टांडा, जनता इंटर कॉलेज उठरेथू, किसान इंटर कॉलेज पकड़ी भोजपुर, विवेकानंद इंटर कॉलेज टांडा, सरस्वती विद्या मंदिर टांडा, वेद माता गायत्री बालिका हाईस्कूल टांडा, गिरिजा देवी हरदेव सिंह विद्यालय टांडा, भगवती प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज बेलांगर तथा नृपति नारायण सिंह इंटर कॉलेज अमिया बाभनपुर में आयोजित की गईं।इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और राष्ट्रीय भावना का प्रदर्शन किया। आयोजक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने जिम्मेदार नागरिक बनने और सेवा कार्यों में योगदान देने का संकल्प लिया।
