कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन बाजार में 20 सितंबर की रात जेसीबी से कई मकान गिराए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अकबरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रस्तावित की गई है। इसी मामले में हल्का लेखपाल को भी निलंबित कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की रात रामकिशोर पुत्र रामआसरे निवासी बरियावन थाना अकबरपुर तथा अन्य पांच-छह व्यक्तियों के घरों को जेसीबी से गिराए जाने की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना अकबरपुर में मुकदमा भी पंजीकृत किया गया।आदेश में कहा गया है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद प्रभारी निरीक्षक ने अपने कर्तव्यों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन नहीं किया। पुलिस अधीक्षक के स्थलीय पर्यवेक्षण के दौरान पुलिस की भूमिका में शिथिलता पाई गई। पर्यवेक्षणीय लापरवाही के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया जा सका। इसे निरीक्षक के कर्तव्यों एवं आचरण के प्रति घोर लापरवाही का परिचायक बताया गया है।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के नियम 17(1)(क) के तहत निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में वे पुलिस लाइन अम्बेडकरनगर से संबद्ध रहेंगे और बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। यदि वे कोई अन्य रोजगार या व्यापार नहीं करते हैं, तभी संबंधित भत्तों का भुगतान किया जाएगा।बरियावन की इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय स्तर पर हल्का प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की संभावना है। विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी कब और किस स्तर पर मिली थी तथा समय रहते क्या कार्रवाई की गई थी।हल्का लेखपाल भी निलंबित किए गए हैं। उनकी भूमिका की भी जांच चल रही है।

