देवल संवाददाता, आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहिंगड़ा गांव स्थित जल निगम की पानी टंकी से सोलर पैनल और तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार को सेमरहा अंडरपास के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच अज्ञात चोर जल निगम की पानी टंकी की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुसे थे। आरोप है कि चोरों ने वहां लगे सोलर पैनल और तार काटकर चोरी कर लिए और ई-रिक्शा से मौके से फरार हो गए। मामले में सहिंगड़ा निवासी संजय यादव की तहरीर पर रानी की सराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में अजय जायसवाल और गुलाम हसन के नाम सामने आने का दावा किया। बुधवार को उपनिरीक्षक रईस अहमद पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित दोनों आरोपी सेमरहा अंडरपास के पास मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमगढ़ के बाजबहादुर मोहल्ला निवासी अजय जायसवाल पुत्र स्व. आदित्य प्रसाद और सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर निवासी गुलाम हसन पुत्र सहरुद्दीन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अजय जायसवाल के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे और गुलाम हसन के खिलाफ सिधारी थाने में मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज है।
दोनों के खिलाफ रानी की सराय थाने में बीएनएस की धारा 305(ए)/317(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
