भारत के खिलाफ गुवाहाटी में खेलते हुए वेस्टइंडीज ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। विंडीज के बल्लेबाजों ने कमाल की बैटिंग करते हुए भारत के खिलाफ 405 रनों का स्कोर बनाया। इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बना लिया है। इससे पहले कभी भी विंडीज ने वनडे क्रिकेट में 400 रनों के आंकड़े को नहीं छुआ था।
मेहमान टीम के लिए तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाया। कप्तान शाई होप, जॉन कैंपबेल और आमिर जांगू ने सेंचुरी जड़ी। तीन शतक के दम पर विंडीज ने 400 का स्कोर पार किया। 405 का स्कोर भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने 438 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था।
वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास
विंडीज ने भारत के खिलाफ खेलते हुए 405 रनों का स्कोर खड़ा किया है। ये पहला मौका है, जब वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में पहली बार 400 रनों के आंकड़े को पार किया है। इससे पहले उनका सबसे बड़ा स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ था, जहां उन्होंने साल 2019 में 389 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने जड़ा शतक
भारतीय गेंदबाजों की विंडीज के बल्लेबाजों ने शुरू से ही पिटाई की। जॉन कैंपबेल ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 65 गेंदों पर ही शतक ठोक दिया। वे भारत के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। कैंपबेल ने 101, शाई होप ने 104 और आमिर जांगू ने 114 रनों की पारी खेली।
