देवल संवाददाता, आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर से फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर की गई साइबर ठगी की पूरी रकम पुलिस ने वापस करा दी। साइबर हेल्प डेस्क की कार्रवाई के बाद पीड़ित के खाते में 8,062 रुपये लौटाए गए।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और खुद को श्रीराम फाइनेंस का कर्मचारी बताया। आरोपी ने बाइक की किस्त जमा कराने के नाम पर धर्मेंद्र से 8,062 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलते ही आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया।
धर्मेंद्र ने अगले दिन 5 नवंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराया। इसके बाद मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर रुपये ट्रांसफर न करें और OTP, एटीएम पिन, CVV, UPI पिन या पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने अथवा स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने से भी बचें। ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
