देवल संवाददाता, आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर 2.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने 58 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने खुद को बीएसए कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताकर पीड़ित को फर्जी परिचय पत्र दिखाया और रुपये लेने के बाद सहायक अध्यापक पद का फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया।
हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र ने नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 2.30 लाख रुपये लिए थे। कुछ दिन बाद उसे नियुक्ति पत्र दिया गया। पीड़ित जब नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंचा तो उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा।
शिकायत के आधार पर मेहनाजपुर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। मुखबिर की सूचना पर बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे मानिकपुर मोड़ से हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार उसके पास से बीएसए कार्यालय का फर्जी परिचय पत्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की फर्जी मुहर, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
