देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा जिले में किए गए क्षेत्राधिकारियों के स्थानांतरण के क्रम में सोमवार को सदर से स्थानांतरित होकर आईं क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने लालगंज में पदभार ग्रहण किया। वहीं लालगंज के क्षेत्राधिकारी रहे भूपेश कुमार पांडेय का स्थानांतरण फूलपुर क्षेत्राधिकारी के पद पर किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना उनकी प्राथमिकता होगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध एवं कानून व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी लोग कानून का पालन करें और किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सीओ आस्था जायसवाल ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल कायम किया जा सकता है। आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका नियमानुसार समाधान कराने में पुलिस हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।
उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी कानून व्यवस्था बनाए रखने, पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
