देवल संवाददाता, मऊ। सरकारी विभागों में (GeM) पोर्टल के क्रियान्वयन एवं संचालन में समय-समय पर होने वाले परिवर्तनों के दृष्टिगत मंगलवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों एवं उनके कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा जेम पोर्टल पर आने वाली समस्या के संबंध में जानकारी से अवगत कराया गया, जिस पर प्रशिक्षक द्वारा मौके पर विस्तार से समझते हुए संका समाधान कर,विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गयी। प्रशिक्षक निखिल यादव स्ट्रिम लखनऊ द्वारा प्रशिक्षित करते हुए जेम पोर्टल के माध्यम से की जाने वाली सरकारी खरीद की प्रक्रिया, पोर्टल के संचालन तथा क्रेता (Buyer) एवं विक्रेता (Seller) से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को पोर्टल पर खरीद प्रक्रिया को सुचारु,पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षक निखिल यादव स्ट्रिम लखनऊ ने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। ऐसे में पोर्टल पर समय-समय पर किए जाने वाले बदलावों एवं नई व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को होना आवश्यक है।उन्होंने क्रेता एवं विक्रेता की भूमिका,पंजीकरण,उत्पाद एवं सेवाओं के चयन तथा खरीद प्रक्रिया से जुड़े प्रावधानों के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया। बताया गया कि संबंधित नोडल विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं,ताकि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जेम पोर्टल की नवीनतम व्यवस्था एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया जा सके और सरकारी खरीद की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके।
