देवल संवाददाता, मऊ। आजमगढ़ मंडल के डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट डॉ. विकास जायसवाल ने सोमवार को कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर टीबी मरीजों की जांच,उपचार और देखभाल की व्यवस्था परखी। उन्होंने पल्मोनरी टीबी वार्ड, आईसीयू,ओपीडी समेत विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।डॉ. जायसवाल ने चिकित्सकों और स्टाफ से मरीजों की नियमित निगरानी व देखभाल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में टीबी मरीजों के उपचार और निगरानी की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि नए मेडिकल कॉलेज के लिए यह चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन डॉ. सुमित आर्या द्वारा मरीजों की देखभाल बेहतर तरीके से की जा रही है।उन्होंने कहा कि मरीजों को टीबी की जांच के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए मेडिकल कॉलेज में सीबी-नाट अथवा टू-नाट मशीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।निरीक्षण के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. मनीष राय से भी मुलाकात की और टीबी मरीजों की जांच व उपचार व्यवस्था को लेकर चर्चा की। निदेशक ने बताया कि टीबी की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज में लैब स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही यहां जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम शुरू होगा।
