देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। तहसील क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय भैरोपुर में सोमवार को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह के प्रथम आगमन पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. हरिसेवक पांडेय ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदीप कुमार सिंह ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आदर्श शिक्षक के रूप में मिसाल पेश की है। यह सफलता एक दिन के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि लगातार बेहतर कार्य करने का प्रतिफल रहा है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रीराम पांडेय ने भी प्रदीप कुमार सिंह को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नरेंद्र नाथ यादव ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है। शिक्षक के आदर्श और संस्कार ही स्वच्छ एवं सुसंस्कृत समाज की नींव रखते हैं। प्रदीप सिंह ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
690 विद्यार्थी विद्यालय में कर रहे अध्ययन
विद्यालय से प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय भैरोपुर में वर्तमान में करीब 690 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जहां अधिकांश परिषदीय विद्यालय छात्र संख्या की चुनौती से जूझ रहे हैं, वहीं भैरोपुर विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत 22 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक छात्रवृत्ति पाने का रास्ता साफ किया है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के शिक्षक बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नियमित रूप से कराते हैं। विद्यालय का समय सुबह आठ बजे से है, लेकिन शिक्षक सुबह सात बजे ही विद्यालय पहुंचकर बच्चों को अतिरिक्त समय देकर पढ़ाते हैं। इसका असर विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालय की लगातार बनी छात्र संख्या के रूप में देखने को मिल रहा है।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी विद्यालय की पहचान
विद्यालय के विद्यार्थी खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश स्तर पर आजमगढ़ का नाम रोशन कर चुके हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विद्यालय के बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना होती है। सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय के चार शिक्षक अब तक राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 1976 में रामलखन सिंह, वर्ष 2015 में रासमनि सिंह और वर्ष 2019 में सुरेंद्र प्रताप सिंह को राज्यपाल पुरस्कार मिल चुका है। अब वर्ष 2026 में प्रदीप कुमार सिंह के चयन से विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
अनुशासन और लगन से मिली विद्यालय को पहचान
राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों के अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगन के कारण भैरोपुर विद्यालय ने क्षेत्र ही नहीं, बल्कि जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय के शिक्षक राज्यपाल और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाने का करेंगे।इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि जंग बहादुर सिंह, अजय सिंह, हरिलाल राजभर, हरिराम तिवारी, विश्वनाथ राम, सतिराम वर्मा, चंद्रशेखर विश्वकर्मा, अजय पांडेय, सीताराम पांडेय, पवन जायसवाल, हरिराम वर्मा, हरेंद्र, सुनील प्रकाश, वंदना, तृषा, सोनी, सविता और चंद्रावती समेत अनेक शिक्षक, शुभचिंतक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
