देवल संवाददाता, आजमगढ़। देउपुर बाजार में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेतृत्व में गौड़ महासभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलदीप राजभर ने की, जबकि संचालन रजनीश गौड़ ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल को भूली नहीं है। सपा सरकार में परिवारवाद और जातिवाद का बोलबाला रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरों की जमीन पर कब्जा करना और अपराधियों को संरक्षण देना समाजवादी पार्टी के शासनकाल की पहचान रही है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग जनता को छलावा करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के नेता शिक्षा और रोजगार की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता यह अच्छी तरह जानती है कि सपा सरकार के समय रोजगार की स्थिति क्या थी और लोग किस तरह परेशान थे।
उन्होंने कहा कि अब समाजवादी पार्टी के नेता घरों से निकलकर जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। जो नेता पहले सड़कों पर दिखाई नहीं देते थे, वे अब लोगों के दरवाजे पर जाकर संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
सम्मेलन में गौड़ समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सुभासपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।