देवल संवाददाता, आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बिना पंजीकरण हेल्थ केयर सेंटर संचालित कर खुद को चिकित्सक बताकर मरीज का कथित रूप से गलत इलाज करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, मईखरगपुर गांव निवासी सुनील यादव के भाई अजीत यादव 18 अक्टूबर 2025 को शौचालय में गिरने से पैर में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। परिजन इलाज के लिए उन्हें गोसाई की बाजार स्थित प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद सत्यप्रकाश ने खुद को चिकित्सक बताते हुए अजीत का इलाज शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गलत तरीके से इलाज किए जाने के बाद घायल की हालत और बिगड़ गई तथा वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। बाद में परिजनों को जानकारी हुई कि संबंधित हेल्थ केयर सेंटर और कथित चिकित्सक का पंजीकरण नहीं था। उपचार में कथित लापरवाही के कारण मरीज का पैर काटने तक की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी।
शिकायत के आधार पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा संख्या 221/2026 के तहत धारा 109(1), 318(4) बीएनएस और 34(2) NMC Act में सत्यप्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित चल रहे आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र लालता प्रसाद निवासी पन्दहा, थाना मेहनगर को सोमवार को गंभीरपुर पुलिस ने गोसाई की बाजार से दोपहर करीब 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को चालान कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अलेक्षेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे।
