कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली बडनगर (गुजरात) से कर्मस्थली काशी (उत्तर प्रदेश )तक तथा काशी से बडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा को लेकर तैयारी बैठकy आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विशाल सिंह की उपस्थिति रही। अध्यक्षता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश वर्मा ने की तथा संचालन जिला महामंत्री संजीव सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली बडनगर से 17 सितंबर को प्रारंभ होने वाली बाइक यात्रा 5 अक्टूबर को अंबेडकर नगर जनपद से होकर गुजरेगी। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता यात्रा के स्वागत एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन में संगठन और राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और सुशासन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा के जनपद में प्रवेश से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं की चिंता किया जाना चाहिए।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश वर्मा ने कहा कि अंबेडकर नगर में बाइक यात्रा का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बाइक के साथ यात्रा में सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के मार्ग, स्वागत स्थलों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और यातायात व्यवस्था को लेकर मंडल एवं विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा, समर्पण और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ सफल बनाएं तथा अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ें। बैठक में यात्रा के स्वागत, मार्ग व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, बाइक यात्रा की तैयारियों सहित विभिन्न सांगठनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव, युवा मोर्चा महामंत्री अतुल मिश्र, प्रतीक उपाध्याय, अंकित दुबे, अभय सिंह मोनू, राजीव वर्मा, अभिषेक शुक्ल, रिदम खन्ना, अभिषेक उपाध्याय आदि शामिल रहे।
