देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट (दुलहीपुरा) गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पांच-छह बच्चे अपराह्न लगभग चार बजे चिरकिहिट बेसो नदी पुल के समीप स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 12 वर्षीय बालक अंश गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बताया गया कि अंश अपने बड़े भाई विकास (15 वर्ष) और अन्य दोस्तों के साथ नदी में नहा रहा था। अंश को डूबता देख साथी बच्चे घबरा गए। बड़ा भाई विकास किसी तरह बाहर निकलकर दौड़ते हुए घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी देवगांव कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से अंश की तलाश शुरू की। काफी देर तक नदी में तलाश की गई, लेकिन सायं सात बजे तक अंश का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया। पुलिस ने बताया कि शव को निकालने के लिए गुरुवार को दिन में फिर से प्रयास किया जाएगा। मृतक की मां नीतू का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक दो भाइयों में छोटा था। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
