देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव स्थित गोसाई की बाजार नहर के किनारे बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे एक युवक का शव दिखाई देने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सूरज कुमार (30) पुत्र राजाराम, निवासी रसूलपुर बाज बहादुर के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार सूरज कुमार मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे गोसाई की बाजार स्थित नहर पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गया। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस, स्थानीय ग्रामीण व गोताखोर मौके पर पहुंचे और देर रात करीब 11 बजे तक नहर में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।बुधवार सुबह पुनः पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई। करीब 9:30 बजे नहर में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। शव की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और उसकी दो वर्षीय पुत्री पीहू है। मृतक के भाई सोनू ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
