देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले एक नाम से पासपोर्ट बनवाया और बाद में पूर्व पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर दूसरे नाम से पासपोर्ट बनवा लिया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनोज सरोज उर्फ सनोज पासवान पुत्र जीतू उर्फ जीत बहादुर पासवान, निवासी उकरौड़ा, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त ने वर्ष 2018 में मनोज सरोज के नाम से पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद वर्ष 2023 में पूर्व पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर सनोज पासवान के नाम से दूसरा पासपोर्ट बनवाया गया। दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग जन्मतिथि अंकित थी। जांच के दौरान अलग-अलग दस्तावेजों के आधार पर दोनों पासपोर्ट बनवाए जाने की पुष्टि हुई।
इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 369/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस एवं धारा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में बने पासपोर्ट से वह बैंकॉक गया था। इसके बाद उसने दूसरे नाम से पासपोर्ट बनवाया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक उदय शंकर तिवारी, कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल सुमित कुमार तथा कोबरा-6 के कर्मचारी हेड कांस्टेबल अजब नारायण सिंह और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ शामिल रहे।
