कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अंतर्गत ग्राम चांडीपुर कला से कल सुबह शौच करने निकला लापता 15 वर्षीय सचिन आखिर 24घंटे बाद सकुशल उसी स्थान पर वापस आ गया जिस स्थान पर वह शौच करने गया था और उसी स्थान पर घूम घूम कर शौच के लिए पानी वाले बर्तन को ढूंढ़ रहा था जिसे ग्रामीणों ने देखा और घर पहुंचाया। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण 15 वर्षीय सचिन कल सुबह 5 बजे से पूरी रात भटकता रहा और आज सुबह 6 बजे उसी स्थान पर वापस पहुंचा जहां से वह गायब हुआ था। 15 वर्षीय किशोर सचिन आखिरकार सकुशल अपने घर वापस लौट आया जिससे इस खबर के बाद परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मालूम हो ग्राम निवासी हरिश्चन्द्र का पुत्र सचिन (उम्र लगभग 15 वर्ष) बीते कल सुबह करीब 5 बजे अपने घर से 200 मीटर दूर शौच करने निकला था और घंटों बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा था।परिजनों की सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी।
आज सुबह करीब 6 बजे सचिन अचानक अपने घर वापस पहुँच गया। परिजनों के अनुसार, बच्चे की मानसिक स्थिति कुछ खराब हो गई है, जिस कारण वह दिशा भटक कर कहीं दूर चला गया था। परिजनों ने राहत जताते हुए बताया कि अब सचिन की बेहतर देखरेख और स्वास्थ्य सुधार के लिए उसका इलाज किसी अच्छे अस्पताल में करवाया जाएगा।
