देवल संवाददाता, मऊ। सहायक श्रमायुक्त,मऊ के निर्देशानुसार आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना में निर्माण श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने एवं पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान उपस्थित निर्माण श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके लिए निर्धारित पात्रता,आवश्यक अभिलेख तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीयन एवं पंजीयन के नवीनीकरण के लिए भी जागरूक किया गया। कैंप के दौरान 22 निर्माण श्रमिकों का पंजीयन तथा 9 श्रमिकों के पंजीयन का नवीनीकरण कराया गया। इसके अतिरिक्त जन सेवा केंद्र के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के आवेदन भी कराए गए। इनमें मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के 01 आवेदन तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के 06 आवेदन शामिल हैं। श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता योजना सहित श्रम विभाग द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्रमिकों को बताया गया कि पात्र श्रमिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कैंप में श्रमिकों को डिजिटल लेबर एप के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा एप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।कैंप के दौरान सतीश विश्वकर्मा, मलिपिक,लालजी,लिपिक एवं विकास सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे श्रम विभाग में अपना पंजीयन एवं नवीनीकरण समय से कराते हुए शासन द्वारा संचालित पात्र योजनाओं का लाभ उठाएं।
निर्माण श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक,कैंप में 22 श्रमिकों का पंजीयन एवं 9 का नवीनीकरण
सितंबर 22, 2026
0
Tags
