देवल संवाददाता, मऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 22 सितम्बर 2026 को जिला गंगा समिति एवं नगर पालिका परिषद मऊ के संयुक्त तत्वावधान में ढेकुलिया घाट के नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान नदी तट एवं आसपास से 3 टन से अधिक कूड़ा-कचरा एकत्र कर हटाया गया।अभियान में डीसीएसके पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों,मुस्लिम इंटर कॉलेज एवं सुदामी देवी कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों सहित 600 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव के संयोजन में आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों,नगर पालिका अधिकारियों,सफाई कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान किया।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को कचरे के स्रोत पर ही गीले, सूखे एवं घरेलू खतरनाक कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदी में कूड़ा डालने से जल प्रदूषण के साथ-साथ जलीय जीव-जंतुओं एवं जैव विविधता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को अपने घर और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।नगर पालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों,विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से नदी तट,नाली एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकने तथा घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग कर निर्धारित स्थान पर देने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने श्रमदान कर नदी तट की सफाई की तथा नदी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा मऊ के महामंत्री प्रतीक जायसवाल,क्षेत्र वन अधिकारी ए.के. उपाध्याय, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी,शिक्षक,विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
