कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर नगर के ईएनटी विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बधिर सप्ताह 2026 का शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें एमबीबीएस एवं नर्सिंग छात्र-छात्राओं तथा संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान का उद्देश्य लोगों को श्रवण संबंधी समस्याओं की शीघ्र पहचान, उपचार एवं बचाव के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन लगभग 100 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क श्रवण जांच (Hearing Test) भी की गई।
ईएनटी विभाग ने नागरिकों से अपील की कि सुनने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें और निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाएं।
अंतरराष्ट्रीय बधिर सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर एवं श्रवण जांच अभियान आयोजित किए जाएंगे। सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में अस्पताल पहुंचकर इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की गई।
