कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर अन्तर्गत ग्राम चांडीपुर कला निवासी 15 वर्षीय युवक सुबह शौच करने के लिए घर से निकला लेकिन वापस लौट कर घर नही आया जिससे परिवारीजन काफी परेशान हैं और खोजबीन जारी है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है लेकिन गायब युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। मालूम हो सचिन उर्फ छोटू पुत्र हरिश्चंद्र उम्र लगभग 15 वर्ष निवासी ग्राम चाडीपुर कला थाना राजेसुल्तानपुर जनपद अम्बेडकरनगर आज सुबह लगभग 5 बजे शौच करने घर से 200 मीटर दूर गया था। शौच के लिए पानी ले जाने वाला मौके पर डिब्बा पाया गया पर सचिन नहीं मिला परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई है । घटनास्थल से सरयू नदी की दूरी लगभग 150 मीटर है । मौके पर पुलिस परिजनों को शांत कराते हुए गांव वालों की मदद से सचिन की तलाश में जुटी हुई है । युवक के अचानक गायब होने से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है पुलिस और ग्रामीण युवक की तलाश में लगे हुए हैं।
