कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव में 16 अगस्त को हुई 95 वर्षीय इंद्रावती की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पुत्र और लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जेवर बरामद होने और हत्या न होने से जुड़ी खबरें भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि जब तक विसरा रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक मौत के कारण को लेकर किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालना गलत होगा। उनके अनुसार घटनास्थल पर मां की स्थिति संदिग्ध थी। परिजनों के मुताबिक मुंह में कपड़ा था और खून के निशान भी दिखाई दिए थे। साथ ही कई जेवर जैसे अंगूठी, कंगन, नाक-कान के गहने, गले की चेन और पायल गायब थे, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। आशुतोष मिश्रा ने साफ कहा कि अब तक कोई भी जेवर बरामद नहीं हुआ है। कुछ रिपोर्ट्स में जेवर मिलने की बात कही जा रही है, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई बात होती तो वह स्वयं केस समाप्त करने की बात करते। उन्होंने अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की अपुष्ट खबरें फैलाना गलत है और प्रशासन को इसका खंडन करना चाहिए। लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर विश्वास न करें। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम में शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है और हार्ट की भी हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच कराई जा रही है। आईपीएस अधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों से विशेष टीम लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में समय लगे तो कोई आपत्ति नहीं, लेकिन सच्चाई सामने आनी चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
IPS अधिकारी का बयान- “बिना विसरा रिपोर्ट निष्कर्ष गलत, जेवर बरामद होने की खबर भ्रामक”
अगस्त 19, 2026
0
Tags
