कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।परिषदीय विद्यालयों में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने और बच्चों की शैक्षिक प्रगति को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 3 तारीख को अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम मिश्रा ने सभी विद्यालयों को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। पीटीएम के दौरान अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और शैक्षिक स्तर की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनसे अपेक्षित सहयोग और सहभागिता पर भी चर्चा होगी, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार की भूमिका को मजबूत किया जा सके। बैठक में बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों को साफ-सुथरा रखकर विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और बेहतर वातावरण तैयार करने को लेकर भी जानकारी दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिया है कि पीटीएम में अधिक से अधिक अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। प्रधानाध्यापक, प्रधानाध्यापिकाएं और शिक्षक इस बैठक के आयोजन और अभिभावकों से संवाद स्थापित करने के लिए जिम्मेदार होंगे। पीटीएम के माध्यम से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित संवाद से बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और स्वच्छता जैसे पहलुओं में सकारात्मक सुधार संभव होगा।
