कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाने से मांझा क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बुधवार को जलस्तर 92.96 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 92.73 मीटर से ऊपर है। लगातार बढ़ते पानी से निचले इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है और कई परिवार एहतियातन सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांवों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोग घरों का जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं और पशुओं को भी हटाने में जुटे हैं। फिलहाल दैनिक जरूरतों की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन आगे स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। इधर, प्रशासन ने हालात को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। टांडा के उपजिलाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि जरूरत पड़ने पर नावों की तैनाती, बाढ़ चौकियों का संचालन तथा प्रभावित लोगों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोग नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
