देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही बरसात के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने के लिए आदेशात्मक एवं विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के अंदर सभी संबंधित विभाग कार्रवाई पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा आमजन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एनएचएआई/टोल प्लाजा से संबंधित अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों को भरते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर अधिक गड्ढे हैं अथवा जहां दुर्घटना की संभावना अधिक है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक मार्ग की स्थिति, मरम्मत की प्रगति तथा लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़कों में गड्ढों के कारण यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी/विभाग की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा पशुओं को भी गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़कर नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क किनारे अतिक्रमण, दुर्घटना संभावित स्थलों तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का अनुपालन केवल कागजी स्तर पर न होकर धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, सम्बन्धित पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
