पसिंदु सूरियाबंदारा और कमिंदु मेंडिस के अर्धशतकों के दम पर श्रीलंका की टीम ने भारत की लीड को खत्म कर दिया है। हालांकि, चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंकाई टीम ने 6 विकेट गंवा दिए हैं और उनकी बढ़त मात्र 16 रनों की है। चौथे दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया और विकेट के लिए तरसाया।
चौथे दिन के दूसरे सेशन में श्रीलंका की टीम ने मात्र एक विकेट गंवाया और 100 से अधिक रन बनाए। श्रीलंका की टीम ने एक समय पर 3 विकेट गंवाकर 209 रन बना लिए थे और ऐसा लग रहा था कि वे टीम इंडिया के सामने अच्छा स्कोर बना लेंगे। हालांकि, तीसरे सेशन में मानव सुथार और सारांश जैन ने भारतीय टीम की वापसी कराई। भारत ने तीसरे सेशन में 3 विकेट लिए।
भारत ने श्रीलंका को दिया था फॉलोऑन
श्रीलंका की टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना लिए थे। चौथे दिन का खेल शुरू होने के बाद श्रीलंकाई टीम 25 रन जोड़ सकी और 290 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय टीम ने फॉलोऑन देने का फैसला किया। भारत के लिए गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3-3 विकेट हासिल किए। सारांश जैन ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।
दूसरी पारी में श्रीलंका की शानदार बल्लेबाजी
भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन देने का फैसला किया और श्रीलंका की टीम ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की। मेजबानों को शुरुआत अच्छी नहीं मिली और उन्होंने 5 रनों के स्कोर पर लहिरु उदारा के रूप में पहला विकेट गंवाया। इसके बाद कामिल मिशारा और पसिंदु सूरियाबंदारा ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई लेकिन मिशारा को रवींद्र जडेजा ने 32 रनों के स्कोर पर आउट कर साझेदारी को तोड़ दिया।
पसिंदु सूरियाबंदारा शतक से चूके
पहले टेस्ट मैच में डेब्यू करने वाले पसिंदु ने दूसरे मुकाबले की दोनों पारियों में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने पहली पारी में 80 रन बनाए। दूसरी इनिंग में भी पसिंदु ने कमाल की बैटिंग की और भारतीय गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया। उन्होंने 173 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 92 रनों की पारी खेली। वे शतक लगाने से चूक गए। पसिंदु शानदार बैटिंग कर रहे थे लेकिन मानव सुथार की एक गेंद पर उन्होंने क्रीज से आगे बढ़कर शॉट लगाने की कोशिश की। मानव ने गेंद को बाहर डाल दिया, जिससे पसिंदु के रीच से गेंद दूर हो गई और वे खेल नहीं सके। विकेट के पीछे से ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की और उन्हें स्टंप आउट कर दिया।
कमिंदु मेंडिस का अर्धशतक
पसिंदु के साथ मिलकर कमिंदु मेंडिस ने श्रीलंका को लगभग ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया था, जहां से ऐसा लगने लगा था कि मैच ड्रॉ हो जाएगा। कमिंदु ने 55 रनों की पारी खेली। प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें आउट कर पसिंदु के साथ साझेदारी को तोड़ दिया।
तीसरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों की वापसी
दूसरा सेशन श्रीलंका के नाम रहा लेकिन तीसरे सेशन में टीम इंडिया ने वापसी की। मानव सुथार ने सबसे पहले श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा को 23 रनों के स्कोर पर अपना शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने पसिंदु को स्टंप आउट कर भारत को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। सारांश जैन ने विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को आउट कर दिया और श्रीलंका ने छठा विकेट गंवा दिया।
बारिश की वजह से दिन का पूरा खेल नहीं हो सका। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं। श्रीलंका के लिए सोनल दिनूशा 7 और केशारा नुवंता 3 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत के लिए मानव सुथार ने 2 विकेट चटकाए। प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश और रवींद्र जडेजा के भी नाम एक-एक विकेट रहा।
