देवल संवाददाता,अहरौला थाना क्षेत्र के चौबौलिया इलाके में पिछले दो दिनों से पेड़ों की कटान की सूचना सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ हरे, फलदार और छायादार पेड़ों की कटान की गई है। मामले को लेकर वन विभाग से जांच की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर पेड़ों की कटान के बाद लकड़ी ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कटान के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
क्षेत्र में पेड़ों की कटान को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि पेड़ों का संरक्षण पर्यावरण और स्थानीय परिवेश के लिए महत्वपूर्ण है।
इस संबंध में अहरौला वन रेंजर सत्येंद्र मौर्य ने बताया कि सूचना मिलने पर वह स्वयं मौके पर गए थे। उस समय मौके पर प्रतिबंधित पेड़ों की कटान नहीं हो रही थी। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान में प्रतिबंधित पेड़ों की कटान की सूचना सही पाई जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
