देवल संवाददाता, बलिया के अटेवा (ऑल टीचर्स एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन) के आह्वान पर शुक्रवार को बलिया में ‘पेंशन तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, निजीकरण का विरोध करने और TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा PWD चौराहे से शुरू होकर टाउन चौराहा, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, महुआ मोड़ और मिड्ढा चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
PM-CM के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद अटेवा पेंशन बचाओ मंच के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने सहित कर्मचारियों की अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई।
बोले- सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा
अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था दोबारा लागू करने की मांग की।
विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
यात्रा का नेतृत्व जिला संयोजक समीर कुमार पाण्डेय, महामंत्री राकेश कुमार मौर्य और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने किया। विभिन्न विभागों और संगठनों से जुड़े शिक्षक-कर्मचारियों और पदाधिकारियों की भागीदारी से प्रदर्शन को मजबूती मिली।
