भारत और अफगानिस्तान के बीच नई दिल्ली में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के बीच इस बात पर चर्चा चल रही है।
क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। एसीबी सीरीज को कुछ दिन आगे बढ़ाना चाहता है और 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी वाले दिन मैच कराना चाहता है। अभी तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, 13 , 15 और 17 सितंबर को मैच होने हैं।
बीसीसीआई के सामने आई अपील
क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बीसीसीआई के सामने अपील आई है कि मैचों का आयोजन 11, 13 और 14 को किया जाए और इन तारीखों के दौरान भारत में पड़ने वाले त्योहारों को ध्यान में रखा जाए। रिपोर्ट के मुताबिक, एसीबी ने बीसीसीआई के सामने प्रस्ताव रखने से पहले अपने हितधारकों से अपील की। मैचों की तारीखों में बदलाव और खासकर त्योहार वाले दिन मैच कराने के पीछे मंशा ये है कि इस दिन छुट्टी के कारण ज्यादा से ज्यादा लोग स्टेडियम में मैच देखने आएंगे। ये तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने हैं।
इस सीरीज की एक रोचक बात ये है कि इसका आयोजन बीसीसीआई नहीं है बल्कि अफगानिस्तान है। ये पहली बार होगा जब अफगानिस्तान भारत में द्विपक्षीय सीरीज में भारत की ही मेजबानी करेगा।
अफगानिस्तान को है उम्मीद
रिपोर्ट के मुताबिक, एसीबी को लगता है कि बीसीसीआई उसकी अपील को मान लेगी क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ इस दौरान जो प्रस्तावित सीरीज थी उसका न होना लगभग तय है। श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही दो मैचों की सीरीज के बाद और एशियाई खेलों की शुरुआत से पहले भारत के पास खाली समय है। क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बीसीसीआई और एसीबी दोनों अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। साथ ही दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से भी इस मामले में बात की गई, लेकिन बताया गया कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
