देवल संवाददाता, मऊ।दिनांक 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री माननीय ए.के. शर्मा जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भारत विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले तथा अपने घर-परिवार और मातृभूमि से विस्थापित हुए लोगों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। माननीय मंत्री जी ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश का विभाजन हुआ था,जिसकी विभीषिका आज भी करोड़ों लोगों की स्मृतियों में विद्यमान है। विभाजन के दौरान लगभग 5 से 10 लाख लोगों के मारे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को अपने घरों और जमीन से वंचित होकर विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। अनेक लोग यात्रा के दौरान मारे गए, कई लोगों ने जान बचाने के लिए ट्रेनों से छलांग लगा दी तथा अनेक महिलाओं ने अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए कुओं में कूदकर प्राण त्याग दिए। अनेक परिवार अपने बच्चों और परिजनों को पीछे छोड़कर पलायन करने को विवश हुए। यह इतिहास की एक अत्यंत पीड़ादायक मानवीय त्रासदी थी। माननीय मंत्री जी ने कहा कि हम सभी स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की तैयारी कर रहे हैं,लेकिन स्वतंत्रता प्राप्ति से पहले देशवासियों ने किन परिस्थितियों और कष्टों का सामना किया,इसे भी सदैव स्मरण रखना चाहिए। जिन लोगों के घर,जमीन और जीवन अचानक बदल गए तथा जिन्हें अपने ही देश में यह कह दिया गया कि अब वे यहां के नागरिक नहीं हैं,बल्कि दूसरे स्थान पर जाना होगा, उनकी पीड़ा को समझना और उन्हें श्रद्धांजलि देना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की उपलब्धियों के पीछे अनेक लोगों का संघर्ष,त्याग और बलिदान होता है। इसलिए अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते हुए इतिहास को याद रखना और उन लोगों के योगदान तथा कष्टों को स्मरण करना आवश्यक है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस ऐसे ही लोगों के प्रति अपनी संवेदना, सम्मान और समर्थन व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी की पहल पर विगत कई वर्षों से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है,ताकि विभाजन के दौरान पीड़ित हुए लोगों की पीड़ा और उनके संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने देशवासियों से इतिहास को स्मरण करते हुए एकजुटता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने का आह्वान किया। माननीय मंत्री जी सहित उपस्थित सभी लोगों द्वारा विभाजन विभीषिका के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम के उपरांत माननीय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी के नेतृत्व में नगर पालिका कम्युनिटी हॉल से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन जुलूस निकाला गया। मौन जुलूस में जिला भाजपा अध्यक्ष,मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी अमरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,पदाधिकारी एवं अन्य लोग शामिल हुए।प्रतिभागियों ने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई तथा राष्ट्रीय एकता,अखंडता,आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
