देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सोमवार को लालगंज तहसील परिसर में नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर किया। कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की समूह सखियों द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कैंटीन के संचालन से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही तहसील परिसर में आने वाले अधिकारी, कर्मचारी और आमजन को सस्ते दर पर खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की सखियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम युवा अभियान के तहत पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का ऋण गारंटी के आधार पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। ऐसी योजनाओं का लाभ लेकर समूह की महिलाएं अपने रोजगार को आगे बढ़ा रही हैं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, डीसी आराधना त्रिपाठी, बीडीओ विनीत कुमार यादव सहित समूह सखियां पूनम, सरिता, शकुंतला, इंद्रा, दुर्गा, पूनम, गीता और वंदना मौजूद रहीं।
