देवल संवाददाता, बूढ़नपुर/अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर चौकी पर देर रात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने ललित कुमार पुत्र स्व. गिरीश पांडेय निवासी बूढ़नपुर का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, ललित को एक मारपीट के मामले में पूछताछ के लिए चौकी पर बुलाया गया था, जहां उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर खुरासिन गांव निवासी गिरजा पत्नी रामनाथ ने पुलिस को सूचना दी थी कि 18 अगस्त 2026 को उनका पुत्र अंकुश वर्मा बूढ़नपुर बाजार से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि डिग्री कॉलेज मोड़ के पास ललित ने अंकुश को गाली दी और उसके साथ मारपीट की।
परिजनों के अनुसार, अंकुश के दाहिने पैर का पहले से ऑपरेशन हुआ था और उसमें रॉड पड़ी हुई थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान पैर पर चोट लगने से उसकी स्थिति और गंभीर हो गई। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
इसी शिकायत के संबंध में अतरौलिया पुलिस ने ललित को पूछताछ के लिए बूढ़नपुर चौकी बुलाया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान ललित पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगा, जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसका चालान कर दिया गया।
वहीं, ललित के परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, ललित के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस मारपीट के आरोपों और चौकी पर हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
