देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज प्रवर्तन विभाग से संबंधित अधिकारियों के साथ प्रवर्तन कार्यवाही एवं राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा कैंप कार्यालय स्थित सभागार में की। बैठक में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, परिवहन,खनन,जीएसटी,पूर्ति, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन,आबकारी, मंडी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में की गई प्रवर्तन कार्यवाही तथा निर्धारित माह के लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा श्रम विभाग द्वारा भी प्रवर्तन कार्यवाही एवं निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की प्रगति से अवगत कराया गया।समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि किसी भी विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप प्रवर्तन कार्यवाही में तेजी लाते हुए राजस्व वसूली में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित करें।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा संबंधित विभागों को जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं,उनकी शत-प्रतिशत नियमानुसार पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बड़े बकायेदारों एवं राजस्व प्राप्ति के अन्य स्रोतों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रभावी कार्यवाही की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवर्तन कार्यवाही केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे,बल्कि उसका जमीन पर स्पष्ट प्रभाव दिखाई देना चाहिए। अवैध गतिविधियों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऐसी कार्यवाहियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए, ताकि आमजन में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और गलत कार्य करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवर्तन एवं राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार लाएं। कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार,सिटी मजिस्ट्रेट रामबाबू,जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह,खाद्य एवं विपणन अधिकारी,सहायक आयुक्त श्रम प्रभात सिंह,औषधि विभाग के अधिकारी,खान निरीक्षक,जिला आबकारी अधिकारी मोहम्मद असलम, एआरटीओ सोहेल अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रवर्तन कार्य से जुड़े विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न
अगस्त 24, 2026
0
Tags
