देवल संवाददाता, मऊ। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज कोपागंज स्थित शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं द्वारा किए जा रहे जलाभिषेक एवं मंदिर परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु आवागमन के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कोपागंज के अधिकारियों को मंदिर परिसर सहित श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से सफाई कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा कहीं भी गंदगी न रहने पाए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने दोहरीघाट स्थित रामघाट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। रामघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा घाघरा नदी से जल उठाकर विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया जाता है। जिलाधिकारी ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित नगर पंचायत अधिकारियों को घाट एवं उसके आसपास बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों की भी विशेष रूप से साफ-सफाई कराने तथा मार्गों पर सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा,ताकि जल उठाने एवं मंदिरों तक जाने में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं निरंतर दुरुस्त रखी जाएं।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर एवं उप जिलाधिकारी घोसी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
