देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आजमगढ़। विकासखंड कोयलसा में प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अमरनाथ सिंह को प्रधान संघ का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर ग्राम प्रधानों में खुशी की लहर देखने को मिली। प्रधानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान ग्राम प्रधानों ने कहा कि अमरनाथ सिंह लंबे समय से ग्राम प्रधानों की समस्याओं और उनके हितों को लेकर सक्रिय रहे हैं। उन्हें जिला स्तर की जिम्मेदारी मिलने से प्रधानों को अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाने की उम्मीद जगी है। प्रधानों ने विश्वास जताया कि अमरनाथ सिंह जिले के सभी ग्राम प्रधानों को एकजुट कर उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
नवनियुक्त प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने प्रधानों का आभार जताते हुए कहा कि आप सभी लोगों ने मुझे जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी प्रधान के ऊपर किसी प्रकार की मुसीबत आती है तो उनका भाई बनकर हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहूंगा।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रधानों के साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार या उनके अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रधानों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की और कहा कि प्रधानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
अमरनाथ सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब सभी प्रधान आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के सभी प्रधानों के सम्मान और अधिकार के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग सिंह कवलधारी यादव, मकरंद यादव, हरिलाल प्रजापति, धर्मेंद्र निषाद, धर्मराज यादव, अंगद यादव, उदय भान सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे। प्रधानों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।
