देवल संवाददाता, मऊ। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है। आपका रक्त तीन लोगों की जिंदगी बचाने के काम आता है। समाज में युवाओं को इस दिशा में आगे बढ़कर लोगों को प्रेरित करने की आवश्यकता है। रक्त के अभाव में प्रतिवर्ष लाखों लोग काल कवलित हो जाते हैं। जिले के प्रभारी एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यह उदगार गुरुवार को व्यक्त किया। शारदा नारायण हास्पिटल में रक्तदाता सम्मान कार्यक्रम में वह बोल रहे थे।संस्थान निदेशक,प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ संजय सिंह ने कहा कि दुर्घटनाओं,आपात स्थिति, प्रसव संबंधी जटिलताओं,कैंसर उपचार व थैलेसिमिया जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए सुरक्षित रक्त की निरंतर आवश्यकता होती है। 18 से 65 वर्ष के बीच जिसका वजन 45-50 के बीच और हिमोग्लोबिन सामान्य हो वह ब्लड दे सकता है। मेडिकल डायरेक्टर डॉ सुजीत सिंह ने कहा कि रक्त किसी कारखाने में नहीं बन सकता इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान करना किसी भी मरीज की जिंदगी के लिए वरदान सिद्व हो सकता हैै। इस दौरान 14 लोगों को रक्तदाता सम्मान से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।
