देवल संवाददाता, मऊ। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मऊ जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मेडिकल कॉलेज को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 50 सीटों पर प्रवेश की मंजूरी मिल गई है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। कॉलेज प्रशासन, चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ मनीष राय ने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय का सपना साकार हुआ है। एमबीबीएस की 50 सीटों की मंजूरी मिलने से जिले के साथ ही आसपास के जनपदों के विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। मेडिकल कॉलेज में स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एमबीबीएस की 50 सीटों की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों को और विस्तार मिलेगा तथा चिकित्सा शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धरमाराय इंगले ने कहा कि एमबीबीएस की सीटें मिलने से मऊ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा का नया रास्ता खुलेगा। आने वाले वर्षों में यहां से प्रशिक्षित होने वाले चिकित्सक क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने में इसका दूरगामी लाभ मिलने की उम्मीद है।
बीते 19 जून को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम ने किया था निरीक्षण
मऊ। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग टीम ने बीते 19 जून को कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस का निरीक्षण किया था। टीम ने कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं, विभागवार संसाधनों, चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता समेत विभिन्न मानकों का बारीकी से जायजा लिया था।
निरीक्षण के दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों, वार्डों, ओपीडी, ओटी, जांच केंद्र, आईसीयू, इमरजेंसी और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया था। इसके साथ ही मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था तथा मेडिकल रिकॉर्ड से संबंधित अभिलेखों की भी जानकारी ली थी। कॉलेज प्रशासन की ओर से टीम को आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित मानकों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई थी।
कॉलेज प्रशासन को मिल बधाइयां
50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी की खबर के बाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने कॉलेज प्रशासन को बधाई दी। लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की मेहनत, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सभी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
मेडिकल कॉलेज को मिली 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी को मऊ के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जिले की पहचान एक बेहतर चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
निदेशक के आगमन पर बुके देकर किया स्वागत
कल्पनाथ राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ मनीष राय का डॉ.अभिनव मिश्रा,डॉ. पीयूष मिश्रा,चंदन यादव,डॉ. अमित यादव,डॉ. शाजिया,डॉ. अमृता, डॉ. प्रियंका,डॉ. गीतांजलि,डॉ. जितेंद्र,डॉ. सुमित आर्या,डॉ. राकेश मद्धेशिया,मनीष राय,प्रेम प्रतीक दुबे,विवेक तिवारी, शिवांश राय,नितेश राय,दीपक शर्मा,ओम प्रकाश पांडेय, आशुतोष चतुर्वेदी ने बुके देकर सम्मानित किया।
