देवल संवाददाता, मऊ। अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त नगर निकायों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में नगर निकायों के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को घर-घर कचरा संग्रहण,गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, शौचालयों की साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने शासन की समस्त योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने,निकायों के कर एवं करेत्तर देयों की शत-प्रतिशत वसूली तथा 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में वंदन योजना,मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना,मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना,पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना एवं आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं में पर्याप्त भूसा-चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में प्रतिबंधित पालीथिन के विरुद्ध जब्ती एवं जन-जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में स्वच्छता, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।बैठक में जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
