देवल संवाददाता, अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ियापुर गांव निवासी अनिल निषाद पुत्र राम निहोर निषाद ने आरोप लगाया है कि 21 अगस्त को विपक्षियों ने उनके ऊपर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। घटना के संबंध में पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान उसके साथ मारपीट और जानलेवा हमला किया गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद विपक्षियों की ओर से उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
अनिल निषाद ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस-प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
