देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय के मुख्य गेट पर मेडिकल कचरा जमा होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गेट के बाहर फैली गंदगी और दुर्गंध को लेकर लोगों में नाराजगी है। बरसात के मौसम में संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई जा रही है। मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि अस्पताल से निकलने वाला लाल रंग के बैग में रखा बायोमेडिकल कचरा नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। यह संक्रमित मेडिकल अपशिष्ट होता है, जिसके निस्तारण के लिए विशेष प्रशिक्षण और व्यवस्था की आवश्यकता होती है। नगर पंचायत कर्मचारियों को इस प्रकार का कचरा उठाने का प्रशिक्षण नहीं दिया गया है, इस लिए वे इसे उठाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को नोटिस भेज दिया गया है। नगर पंचायत केवल हरे डिब्बे (गीला कचरा) और नीले डिब्बे (सूखा कचरा) के संग्रहण और निस्तारण के लिए जिम्मेदार है। बायो मेडिकल कचरे के निस्तारण की जिम्मेदारी अस्पताल और अधिकृत एजेंसी की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर जमा मेडिकल कचरे को जल्द हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम लोगों को संक्रमण के खतरे से बचाया जा सके।
