देवल संवाददाता, मऊ।जनपद के शिल्पी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.कल्पनाथ राय की 27वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लोगों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माला पहनाकर उनके कृत्यों को नमन किया। सबसे पहले पैतृक गांव सेमरी जमालपुर स्थित भाजपा नेत्री डॉ.सीता राय के आवास पर स्व कल्पनाथ राय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।समारोह में भाजपा नेत्री डॉ सीता राय ने कहा कि पूर्वांचल के जर्रे-जर्रे में कल्पनाथ राय के किए गए कार्यों की निशानी आज भी उनके होने का एहसास दिलाती है। उनकी कृतियां युगो-युगो तक जिंदा रहेंगी। स्व कल्पनाथ राय के पोता अनंत नारायण राय ने कहा कि कल्पनाथ राय की पहचान उनके कर्मों से हुई। दादा स्व. कल्पनाथ राय पूर्वांचल के विकास के नाम पर झुकना स्वीकार नहीं किए। अगर क्षेत्र की जनता साथ देंगी तो दादा का सपना पूरा करेंगे। स्व कल्पनाथ राय छात्र जीवन में गोरखपुर विश्वविद्यालय का जुझारु और संघर्षशील अध्यक्ष होने के बाद देश की राजनीति से जुड़े। उन्होंने अंतिम समय तक पूर्वांचल को विकसित करने में लगे रहे। पदमेश तिवारी ने कहा कि स्व कल्पनाथ राय छात्र जीवन से ही सक्रिय राजनीति में आकर जनपद का ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम भारत में रोशन किये। कहा कि ऐसे महान कर्मयोगी के पद चिह्नों पर चलना है ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अपने कठोर परिश्रम व साहस के बदौलत भारतीय राजनीति में अपनी पहचान बनाकर मऊ जनपद को हर क्षेत्र में विकसित करने का प्रयास किया। इस श्रद्धांजलि में पूर्व विधायक उमेश चन्द पांडेय, उत्पल राय,हनी मिश्रा,एडवोकेट अंकित आदि लोग उपस्थित रहे।
